देवघर,एजेंसियां। देवघर जिले के खागा थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी गांव के मिश्राडीह-बीरमाटी-चितरा मेन रोड पर मवेशियों से लदा एक कंटेनर पलट गया।
इस दुर्घटना में करीब 30 मवेशी मर गए। साथ ही खुलासा हुआ कि कंटेनर का इस्तेमाल पशुओं की तस्करी के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने बिहार के 3 पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि सारठ के तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कंटेनर पुलिस गश्ती दल को देखकर भागने के क्रम में पलट गई। इसके बाद पुलिस ने 2 जेसीबी की मदद से कंटेनर को सीधा करवाया।
पुलिस ने मौके से बिहार के 3 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं जब कंटेनर खोला गया तो करीब 30 मवेशी मृत मिले।
आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दम घुटने की वजह से हुई है। गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि पशुओं को बांग्लादेश ले जाया जा रहा था। पुलिस को कंटेनर से 11 पशु जीवित मिले।
पुलिस ने बिहार के गया के रहने वाले बाराचट्टी, सरमा बाजार निवासी कंटेनर के चालक अरशद खान, कैमूर के मोहनिया बेलोरी निवासी सरफराज कुरैशी और शमशाद कुरैशी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद ही उस रास्ते में पुलिस गश्त कर रही थी।
इसे भी पढ़ें