धनबाद,एजेंसियां। झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के शासन में बीजेपी के विधायक ढुल्लू महतो की संपत्ति दोगुनी हो गई है। पिछले पांच साल में ढुल्लू महतो ने दोगुनी कमाई की है।
भाजपा के धनबाद लोकसभा सीट से प्रत्याशी ढुल्लू महतो कुल सात करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इसमें उनकी, पत्नी और पुत्रियों के नाम की भी संपत्ति शामिल है।
बीते पांच सालों में ढुल्लू महतो की संपत्ति सीधे दोगुनी हो गई है। यानी वर्ष 2019 में जहां उनकी संपत्ति 3.33 करोड़ रुपये थी, अब वह बढ़कर सात करोड़ रुपये हो गई है।
दिलचस्प बात है कि इस दौरान राज्य में इंडिया गठबंधन यानी झामुमो, कांग्रेस और राजद का शासन रहा है। ढुल्लू महतो ने अपने नामांकन पत्र में जो घोषणा की है, उसके अनुसार उनके उन पर 17.22 लाख की और पत्नी पर उनसे कहीं अधिक 60.37 लाख रुपये की देनदारी है।
ढुलू महतो 12वीं पास हैं और इनके खिलाफ विभिन्न न्यायालय में 20 मामले भी लंबित हैं, जबकि दो मामलों में इन्हें 12 माह एवं 18 माह की सजा भी हो चुकी है। इन दोनों मामलों को लेकर उच्च न्यायालय में उन्होंने अपील भी दायर कर रखा है।
ढुल्लू महतो की पत्नी सावित्री देवी कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई बीसीसीएल में कर्मचारी हैं। उनके पास नगद राशि 7.35 लाख रुपये है, जबकि ढुलू के पास महज 58 हजार रुपये ही हाथ में नगद हैं।
इसके अलावा ज्वेलरी भी ढुल्लू के पास कम है। महज 1.15 लाख के सोने की ज्वेलरी है, जबकि पत्नी के पास चार लाख के आभूषण हैं।
बैंक डिपोजिट के मामले में ढुल्लू महतो के पास 1.84 करोड़ रुपये हैं। वहीं उनकी पत्नी के पास 45.98 लाख रुपये हैं। पत्नी सावित्री देवी को ढुल्लू ने कर्ज स्वरूप 21 लाख रुपये भी दिए हैं।
इतना ही नहीं अचल संपत्ति के मामले में भी ढुल्लू की पत्नी के पास अधिक प्रोपर्टी है। पत्नी के नाम पर 36.83 लाख रुपये की कृषि योग्य भूमि है, जबकि धनबाद के नवाडीह में 97.22 लाख मूल्य वाली गैर कृषि भूमि है।
कतरास में 35 लाख का व्यावसायिक भवन और राजधानी रांची के चौबे बगान स्थित समृद्धि अपार्टमेंट में 28 लाख का एक फ्लैट भी है। वहीं विधायक ढुल्लू महतो के पास केवल 18 लाख रुपये मूल्य का बरोरा में आवासीय भवन है।
विधायक रहते हुए ढुल्लू महतो के पास आवासीय भवन के नाम पर बरोरा में उनका मकान है। इसके अलावा उनके पास रांची में विधानसभा भवन परिसर में छह क्वार्टर भी है।
इनमें क्वार्टर नंबर 32, 33, 34, 35, 138 व 139 भी है। विधायक के पास ट्रासपोर्टिंग कार्य से जुड़ी एक कंपनी भी है।
ढुल्लू महतो और उनकी पत्नी सावित्री देवी के नाम पर दो-दो हथियार भी हैं। इनमें दोनों के पास एक-एक पिस्टल और रायफल। जबकि पूर्व में दोनों के पास एक-एक गन भी थी। जिसे दोनों ने ही सरेंडर कर दिया है। सावित्री देवी के पास जो हथियार हैं वह रांची के लाइसेंस पर हैं।
इसे भी पढ़ें