Lalremruata passes away: मैच के दौरान गिर पड़े मिजोरम के पूर्व रणजी खिलाड़ी, अचानक निधन से क्रिकेट जगत में शोक

3 Min Read

Lalremruata passes away

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय घरेलू क्रिकेट से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मिजोरम की ओर से रणजी ट्रॉफी खेल चुके पूर्व क्रिकेटर लालरेमरुआता का 8 जनवरी को एक लोकल क्रिकेट मैच के दौरान अचानक निधन हो गया। वह खालिद मेमोरियल सेकेंड डिवीजन स्क्रीनिंग टूर्नामेंट में वेंघनुई रेडर्स सीसी की तरफ से खेल रहे थे। मैच के दौरान उन्हें अचानक मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वह मैदान पर ही गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके निधन से मिजोरम के क्रिकेट समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।

रणजी ट्रॉफी और घरेलू क्रिकेट में योगदान

लालरेमरुआता ने मिजोरम की ओर से कुल दो रणजी ट्रॉफी मुकाबले खेले थे। उनका आखिरी रणजी मैच वर्ष 2022 में नागालैंड के खिलाफ था। इसके अलावा उन्होंने घरेलू टी20 क्रिकेट में भी मिजोरम का प्रतिनिधित्व किया और कुल सात टी20 मुकाबलों में 87 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 44 रन रहा। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने चार पारियों में 17 रन बनाए थे। 38 वर्ष की उम्र में उनका यूं अचानक जाना क्रिकेट जगत के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

सम्मान में रद्द किए गए सभी निर्धारित मैच

लालरेमरुआता के निधन के बाद मिजोरम क्रिकेट संघ ने उनके सम्मान में सभी तय क्रिकेट मैचों को रद्द करने का फैसला लिया है। यह फैसला राज्य के क्रिकेटरों और अधिकारियों की ओर से दिवंगत खिलाड़ी के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में लिया गया।

रिटायरमेंट के बाद भी क्रिकेट से जुड़े रहे

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी लालरेमरुआता मिजोरम क्रिकेट संघ से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। वह सीनियर टूर्नामेंट की कमेटी के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। मिजोरम क्रिकेट संघ ने अपने आधिकारिक बयान में उनके निधन पर गहरा दुख जताया और राज्य क्रिकेट में उनके योगदान को सराहा। साथ ही, उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की गईं।

क्रिकेट जगत में शोक की लहर

अचानक हुई इस घटना ने एक बार फिर खेल के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। क्रिकेट जगत के कई लोगों ने लालरेमरुआता के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Share This Article
Exit mobile version