दुमका। झारखंड मुक्ति मोर्चा के दिग्गज नेता विधायक लोबिन हेंब्रम ने बगावत कर दी है। उन्होंने राजमहल सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।
लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि वो राजमहल संसदीय सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
उनका यह बयान तब आया है, जब झामुमो ने राजमहल से विजय हांसदा को प्रत्याशी बनाने का ऐलान किया।
लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि मैंने राजमहल में चेहरा बदलने की मांग की थी। लेकिन, पार्टी ने नजरअंदाज कर दिया।
विजय हांसदा के प्रति राजमहल में जनता में नाराजगी है। इसके साथ ही लोबिन ने कहा कि वह झामुमो नहीं छोड़ेंगे।
पार्टी कार्रवाई करेगी तो और बात है। इसके साथ ही लोबिन हेंब्रम ने अपनी जीत का दावा भी किया है।
कहा कि राजमहल में विजय हांसदा की हार होगी। उनको 2 बार जीत मिली, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि जनता से मैंने राय ली है। वे मेरे समर्थन में हैं। मैंने कभी ये नहीं कहा था कि पार्टी मुझे उम्मीदवार बनाये।
मैंने पार्टी से कहा था कि वहां मौजूदा सांसद के खिलाफ गुस्सा है, इसलिए चेहरा बदलना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के शह पर निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात से इनकार करते हुए लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि जो लोग ऐसा आरोप लगाते हैं, उनको बताना चाहिए कि मैं बीजेपी के किस व्यक्ति से मिला हूं।
मैंने केवल आईना दिखाया है। पार्टी को उनका वादा याद दिलाया है। बोरियो विधायक ने कहा कि मैंने हमेशा पार्टी से चुनावी मेनिफेस्टो में किया गया वादा निभाने को कहा।
कभी किसी का विरोध नहीं किया। मैने कहा कि ठोस स्थानीय और नियोजन नीति बननी चाहिए, लेकिन पार्टी ने ऐसा नहीं किया।
स्पष्ट पेसा कानून नहीं बना। मैं निर्दलीय चुनाव लडूंगा और पार्टी भी नहीं छोड़ूंगा। यदि पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करना चाहती है तो स्वागत है।
ये मेरा आखिरी फैसला है। बता दें कि मंगलवार की देर शाम झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राजमहल और सिंहभूम संसदीय सीट पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया।
पार्टी ने राजमहल से तीसरी बार विजय हांसदा को प्रत्याशी बनाया है। वहीं सिंहभूम सीट पर जोबा मांझी के नाम का ऐलान किया है।
जोबा मांझी हेमंत कैबिनेट में महिला और बाल विकास मंत्री थीं। यहां उनका सामना कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुई मौजूदा सांसद गीता कोड़ा से होगा।
विजय हांसदा लगातार 10 साल से राजमहल के सांसद हैं।
इसे भी पढ़ें
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने कृषि विभाग में निकली बंपर वैकेंसी, ऐसे करें आवेदन