रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 मई को गिरिडीह जिले के बिरनी में आ रहे हैं। बिरनी में प्रधानमंत्री एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा करेंगे।
इसे लेकर स्थल का जायजा लेने रांची से राज्य सभा सदस्य आदित्य साहू, राष्ट्रीय संगठन मंत्री कर्णवीर सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हेलीकॉप्टर से गिरिडीह पहुंचे।
उसके बाद आदित्य साहू, कर्मवीर सिंह और बाबूलाल मरांडी सड़क मार्ग से प्रधानमंत्री के आगामी कार्यक्रम स्थल इंस्पेक्शन के लिए रवाना हो गए।
इस दौरान राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने बताया कि आगामी 16 मई को प्रधानमंत्री का आगमन बिरनी में होने जा रहा है।
इस दौरान लाखों की संख्या में गिरिडीह एवं कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की जनता व कार्यकर्ता होने वाले सभा में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि यहाँ रोड शो नहीं किया जाएगा। वहीं उन्होंने आलमगीर आलम पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड के मंत्री के पीए और स्टाफ के घर से 35 करोड़ रुपए ईडी बरामद करती है, इससे समझ में आता है कि झारखंड में राज करने वाले मंत्रियों का क्या हाल है।
उन्होंने कहा कि ये रूपये गरीबों के हैं, जो गरीबों के कल्याण के लिए आया था, जिसे यहां के मंत्री अपनी झोली में डालने का कार्य कर रहे है।
वहीं बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में चल रहे ईडी की कार्यवाही को लेकर कहा कि कांग्रेस और झामुमो के मंत्रियों द्वारा लगातार कहा जाता था कि ईडी झूठ मूठ का सबको परेशान करने का कार्य करती है।
उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि छापेमारी के दौरान 35 करोड़ रुपए आलमगीर आलम के सचिव और स्टाफ के घर से ईडी ने बरामद किए हैं वे कहां से आए हैं, इसका बात का जवाब सरकार को देना चाहिए।
इसे भी पढ़ें
सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग नहीं करने वाले कर्मियों की मौत का जिम्मेदार प्रबंधन नहीः हाईकोर्ट