JMM betrayal in Bihar: बिहार में झामुमो के साथ हुए छल का झारखंड में दिखेगा असर

2 Min Read

JMM betrayal in Bihar:

गिरिडीह। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड की सियासत में हलचल मची है। झारखंड सरकार के मंत्री सह सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा अब बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगा। पार्टी किसी भी सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारेगी और न ही महागठबंधन के किसी दल के पक्ष में प्रचार करने जाएगी।

राजद-कांग्रेस पर लगाये ये आरोपः

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कांग्रेस और राजद पर गठबंधन धर्म का पालन न करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार में सीट बंटवारे को लेकर झामुमो को लगातार उलझाए रखा गया और अंतिम समय तक स्पष्ट प्रस्ताव नहीं दिया गया। इससे आहत होकर पार्टी ने चुनावी मैदान से अलग होने का निर्णय लिया है।

झामुमो के साथ राजनीतिक छल किया गयाः

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड में झामुमो ने बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए राजद और कांग्रेस को सम्मान दिया, कई सीटें छोड़ीं, यहां तक कि झारखंड सरकार में मंत्री पद भी दिया गया। इसके बावजूद बिहार में झामुमो के साथ राजनीतिक छल किया गया।

झारखंड की राजनीति में दिखेगा असरः

उन्होंने चेतावनी दी कि इस निर्णय का असर झारखंड की राजनीति पर भी देखने को मिलेगा और बहुत जल्द पार्टी इस मामले में आगे की रणनीति तय करेगी। मंत्री ने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन की महत्वपूर्ण पार्टी होने के बावजूद उसने न तो मध्यस्थता की और न ही स्पष्ट रुख अपनाया।

राजद और कांग्रेस समान रूप से दोषीः

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राजद और कांग्रेस दोनों ही बिहार में झामुमो के साथ अन्याय के लिए समान रूप से दोषी हैं। झामुमो के इस फैसले ने न केवल बिहार चुनाव में महागठबंधन की समीकरणों को प्रभावित किया है, बल्कि झारखंड की राजनीति में भी नए सियासी तनाव के संकेत दे दिए हैं।

इसे भी पढ़ें

बिहार विधानसभा चुनावः घर बैठे कर सकते हैं वोटिंग, ऐसे करें आवेदन


Share This Article