Sapna Choudhary
चंडीगढ़, एजेंसियां। हरियाणवी इंडस्ट्री की चर्चित डांसर और सिंगर Sapna Choudhary इन दिनों रियलिटी शो The 50 में नजर आ रही हैं। शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए। सपना ने बताया कि उनके खिलाफ अब तक 35 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से अधिकतर मामले उनके स्टेज शो के दौरान हुई अफरा-तफरी और हंगामे से जुड़े हैं।
परफॉर्मेंस के दौरान मचता था बवाल
सपना ने खुलासा किया कि करियर के शुरुआती दौर में उनके शो में अक्सर झगड़े, तोड़-फोड़ और मारपीट जैसी घटनाएं हो जाती थीं। कई बार भीड़ बेकाबू हो जाती थी, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ जाती थी। इन घटनाओं के चलते उन्हें कुछ इलाकों में बैन भी कर दिया गया।
खासतौर पर बागपत, मेरठ और बड़ौत जैसे क्षेत्रों में उनके नाम से इवेंट्स को अनुमति नहीं मिलती थी। सपना ने कहा कि उस दौर में उनके लिए काम करना बेहद चुनौतीपूर्ण था।उन्होंने यह भी बताया कि Bigg Boss में हिस्सा लेने के बाद उनकी छवि में सकारात्मक बदलाव आया और लोगों ने उन्हें नए नजरिए से देखना शुरू किया। इससे उनके करियर को नई दिशा मिली।
अपराधियों की महफिल में पहुंचीं सपना
सपना ने एक खौफनाक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने देर रात मिले एक परफॉर्मेंस ऑफर को स्वीकार कर लिया। जब वह अपनी मां के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गईं। करीब 25-26 टेबल सजी थीं और हर टेबल पर खुलेआम हथियार रखे थे। माहौल बेहद डरावना था और वहां लगभग 50-55 लोग मौजूद थे।सपना ने बताया कि उन्होंने पहले सोलो और फिर डुएट परफॉर्मेंस शुरू की।
इसी दौरान एक शख्स स्टेज पर आया, उनके कान में कुछ कहकर चला गया, लेकिन शोर के कारण वह समझ नहीं पाईं। बाद में जब उन्होंने जाने की इच्छा जताई तो आयोजकों ने कहा कि पैसे दिए जा चुके हैं, इसलिए परफॉर्मेंस पूरी करनी होगी।
स्टेज पर हुई बदसलूकी
सपना ने आगे बताया कि जैसे ही वह दोबारा स्टेज पर लौटीं, वही शख्स पीछे से आया और उन्हें किस करके भाग गया। इस घटना से वह घबरा गईं और तुरंत परफॉर्मेंस रोककर बैकस्टेज चली गईं। उनकी मां ने इस पर कड़ा विरोध जताया और उन्हें वहां से लेकर तुरंत निकल गईं।








