अंडा या पनीर: हाई प्रोटीन डाइट के लिए कौन है बेहतर? जानें विशेषज्ञों की राय

IDTV Indradhanush
3 Min Read

नई दिल्ली,एजेंसियां। मसल्स बनाने और शरीर को ताकत देने के लिए प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा लेना बेहद जरूरी है। प्रोटीन के सोर्स में प्लांट-बेस्ड और एनिमल-बेस्ड दोनों विकल्प पॉपुलर हैं, जिनमें अंडा और पनीर प्रमुख हैं। लेकिन अक्सर यह सवाल उठता है कि हाई प्रोटीन डाइट के लिए कौन सा बेहतर है – अंडा या पनीर? आइए जानते हैं।

अंडे के पोषक तत्व और फायदे

अंडा प्राकृतिक रूप से संपूर्ण प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसमें सभी जरूरी एमिनो एसिड मौजूद होते हैं, जो मसल्स गेन, शरीर की मरम्मत और इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करते हैं। इसके अलावा अंडे में विटामिन B12, D, A, कोलीन, सेलेनियम और आयरन जैसे तत्व भी पाए जाते हैं। ये तत्व दिमाग की सेहत, हड्डियों की मजबूती और हार्मोनल बैलेंस के लिए लाभकारी हैं। जिम जाने वाले लोग अपने डाइट प्लान में अंडे को प्राथमिकता देते हैं क्योंकि यह कम समय में उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन प्रदान करता है।

पनीर के पोषण और फायदे

पनीर भी प्रोटीन का उत्कृष्ट स्रोत है और भारतीय खानपान में इसे पसंद किया जाता है। 50 ग्राम पनीर में 9-12 ग्राम प्रोटीन मौजूद होता है। इसके साथ ही पनीर में कैल्शियम, फॉस्फोरस और विटामिन B12 भी पाए जाते हैं, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाते हैं। पनीर में सेलेनियम और एंटीऑक्सिडेंट भी होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को बूस्ट करते हैं। इसके अलावा पनीर वजन नियंत्रण और मसल्स बनाने में भी सहायक होता है।

कौन सा बेहतर है?

अंडे और पनीर दोनों प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं, लेकिन मात्रा में अंतर है। एक बड़े अंडे में लगभग 6-7 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है, जबकि 50 ग्राम पनीर में 9-12 ग्राम। यानी, अगर आप दो अंडे खाते हैं, तो उतना प्रोटीन मिलेगा जितना 50 ग्राम पनीर में होता है। इसलिए, अगर आप नॉनवेज खाते हैं तो अंडा प्रोटीन की अधिकतम डिलीवरी देता है। वहीं, वेजिटेरियन लोगों के लिए पनीर सबसे अच्छा विकल्प है।

स्वस्थ और संतुलित डाइट के लिए दोनों को संतुलित मात्रा में शामिल करना सबसे अच्छा है। अंडा और पनीर दोनों ही मसल्स बिल्डिंग, इम्यूनिटी बढ़ाने और शरीर को ताकत देने में मददगार हैं। अपनी जरूरत और खानपान के अनुसार इन्हें अपने डाइट प्लान में शामिल किया जा सकता है।

Share This Article