Chirag Paswan:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर तेज हो गई है। शनिवार को केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। चुनावी नतीजों के बाद हुई यह पहली महत्वपूर्ण राजनीतिक मुलाकात मानी जा रही है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत किया, जो NDA के भीतर तालमेल और भविष्य की रणनीति की ओर संकेत देता है।
चिराग पासवान ने मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए अपने एक्स पोस्ट में लिखा-“बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के पश्चात आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उन्हें NDA के प्रचंड बहुमत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।”उनके इस पोस्ट को समर्थक और राजनीतिक विश्लेषक दोनों ही NDA में एकजुटता और स्थिरता के संकेत के रूप में देख रहे हैं।
मुख्यमंत्री पद को लेकर क्या है स्थिति?
चुनाव प्रचार के दौरान और नतीजे आने के बाद भी बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज रही थीं। हालांकि, चिराग की पार्टी लोजपा (रामविलास) ने इस पर स्पष्ट कहा है कि मुख्यमंत्री पद के नाम की घोषणा NDA की आधिकारिक बैठक में ही होगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और गोविंदगंज से विधायक राजू तिवारी ने कहा-“नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया है, बाकी दल की बैठक होगी और जल्दी निर्णय लिया जाएगा। “
इस बयान से यह साफ संकेत मिलता है कि NDA के सभी प्रमुख दलों के बीच सहमति बनने के बाद ही मुख्यमंत्री पद पर आधिकारिक मुहर लगेगी। हालांकि, सियासी हलकों का मानना है कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद की कमान फिर संभालेंगे, क्योंकि चुनाव अभियान के दौरान पूरा गठबंधन उनके नेतृत्व में एकजुट होकर लड़ा।
NDA में बढ़ी सक्रियता, सरकार गठन पर निगाहें:
एनडीए को मिले प्रचंड जनादेश के बाद अब नज़रें सरकार गठन की प्रक्रियाओं और मंत्रालयों के बंटवारे पर टिकी हैं। चिराग पासवान और नीतीश कुमार की मुलाकात को इसी कड़ी में एक अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में NDA की बैठक में न केवल मुख्यमंत्री पद का ऐलान होगा, बल्कि नई सरकार की कार्ययोजना और मंत्रिमंडल के स्वरूप पर भी चर्चा होने की संभावना है।राजनीतिक गर्मी बढ़ चुकी है और बिहार में नई सरकार की अगली तस्वीर बस घोषित होने ही वाली है।
