PM Modi Oman visit: ओमान में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले—हम विविधता का सम्मान करते हैं

3 Min Read

PM Modi Oman visit:

मस्कट, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान दौरे के दौरान भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच अपने भाषण की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें ओमान में एक “मिनी इंडिया” देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश में रहने वाले भारतीय भारत की प्रगति से लगातार जुड़े रहते हैं और देश की हर उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हैं।

भारत की तेज़ विकास यात्रा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत नई गति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक विकास दर 8 प्रतिशत से अधिक रही है, जिससे भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। पीएम मोदी ने कहा कि यह प्रगति भारत के मजबूत इरादों और बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है।

स्पेस सहयोग को बताया भविष्य का आधार

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत और ओमान के बीच बढ़ते स्पेस सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत का स्पेस प्रोग्राम केवल अपने तक सीमित नहीं है, बल्कि ओमान की आकांक्षाओं को भी समर्थन दे रहा है। उन्होंने बताया कि ISRO द्वारा इंडिया–ओमान स्पेस पोर्टल विकसित किया गया है और भविष्य में ओमान के युवाओं को भी भारत के स्पेस कार्यक्रमों से जोड़ने की योजना है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि गगनयान मिशन के बाद भारत का अपना स्पेस स्टेशन होगा।

विविधता हमारी ताकत

प्रधानमंत्री ने कहा कि विविधता भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी ताकत है। भारतीय जहां भी जाते हैं, वहां की संस्कृति और नियमों का सम्मान करते हुए घुल-मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि ओमान में भारतीय समुदाय इस भावना का जीवंत उदाहरण है।

शिक्षा से मजबूत हो रहे संबंध

पीएम मोदी ने कहा कि भारत-ओमान संबंधों को आज शिक्षा और मजबूत कर रही है। ओमान में भारतीय स्कूलों में हजारों छात्र पढ़ाई कर रहे हैं और भारतीय शिक्षा के 50 वर्ष पूरे होना दोनों देशों के रिश्तों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Share This Article
Exit mobile version