Jharkhand Weather Update:
रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 दिसंबर से राज्य में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट शुरू हो जाएगी। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने और पूर्वी हवाओं का प्रभाव खत्म होने के बाद शीतलहर जैसी स्थितियां बनने लगेंगी।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आने की संभावना है। 3 दिसंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन इसके बाद मौसम साफ और शुष्क रहेगा। सुबह के समय कोहरा या हल्की धुंध बढ़ सकती है, जिससे दृश्यता में भी कमी आने की आशंका है।
गुमला, खूंटी, लातेहार के तापमान में गिरवाट:
राज्य के कई हिस्सों में ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। गुमला, खूंटी, लातेहार और आसपास के जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे पहुंचने की संभावना जताई गई है, जहां पहले से ही सर्दी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।राजधानी रांची में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से क्या दी सलाह?
ठंड की संभावित शुरुआत को देखते हुए मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का ध्यान रखने की अपील की गई है, क्योंकि अचानक तापमान गिरने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने और रात के तापमान को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
