Stock Market
मुंबई, एजेंसियां। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी करने के एलान का असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर साफ नजर आया। सप्ताह की शुरुआत में गिरावट झेलने के बाद बाजार ने जोरदार वापसी की और खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला।
खुलते ही रिकॉर्ड छलांग
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 3,656.74 अंक उछलकर 85,323.20 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 1,219.65 अंक की तेजी के साथ 26,308.05 पर कारोबार करता नजर आया। बाजार खुलने के करीब डेढ़ घंटे बाद भी तेजी का रुख बरकरार रहा। बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध अधिकांश शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
रिलायंस और अडानी समूह के शेयर चमके
टैरिफ में कटौती और ट्रेड डील के सकारात्मक संकेतों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 4 फीसदी तक चढ़े, जबकि अडानी पोर्ट्स के शेयर में 6.91 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। बैंकिंग, ऑयल एंड गैस और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भी जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली।
बजट के बाद बाजार की दमदार वापसी
गौरतलब है कि आम बजट (1 फरवरी) के दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट आई थी। इसके बाद सोमवार (2 फरवरी) को बाजार में सुधार देखने को मिला और सेंसेक्स 943.52 अंक चढ़कर 81,666.46 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 262.95 अंक की बढ़त के साथ 25,088.40 पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों के मुताबिक भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और टैरिफ में राहत से विदेशी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है, जिसका असर बाजार में तेज उछाल के रूप में देखने को मिल रहा है।
