Bihar Budget 2026: आज आएगा बिहार बजट 2026, जानिए किन क्षेत्रों पर रहेगा खास फोकस?

3 Min Read

Bihar Budget 2026

पटना, एजेंसियां। बिहार का बहुप्रतीक्षित बजट आज यानी मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को पेश किया जाएगा। बिहार विधानसभा में दोपहर 2 बजे वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव बजट प्रस्तुत करेंगे। विधानसभा चुनाव के बाद यह मौजूदा सरकार का पहला बजट होगा, ऐसे में इससे राज्य के लोगों को कई बड़ी उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि इस बजट में रोजगार, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास फोकस रहेगा।

सूत्रों के मुताबिक

सूत्रों के मुताबिक, इस बार शिक्षा विभाग को विशेष प्राथमिकता दी जा सकती है। शिक्षा बजट में 3 से 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी संभव मानी जा रही है। इसके साथ ही 2025-26 की तुलना में 2026-27 में करीब 10 हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च का प्रावधान किया जा सकता है, जिससे स्कूलों, कॉलेजों और उच्च शिक्षा के ढांचे को मजबूत किया जाएगा।

युवाओं के लिए क्या होगा?

युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार इस बजट का बड़ा एजेंडा हो सकता है। सरकार पहले ही एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने की घोषणा कर चुकी है। बजट में इसके लिए ठोस प्रावधान किए जाने की संभावना है। साथ ही प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने को लेकर भी कोई नई योजना सामने आ सकती है।किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए भी सरकार कदम उठा सकती है। फार्मर रजिस्ट्री के जरिए किसानों की डिजिटल आईडी तैयार की जा रही है, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे। बजट में कृषि से जुड़ी नई घोषणाएं संभव हैं।

इसके अलावा इंडस्ट्री और निवेश को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं और बजट आवंटन की उम्मीद है। बिहार को इंडस्ट्रियल हब बनाने की दिशा में सरकार बड़ा ऐलान कर सकती है।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना

महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अगली किस्तों को लेकर भी बजट में प्रावधान हो सकता है, जिसमें महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से 2 लाख रुपये तक सहायता देने की तैयारी है।वहीं सड़क, एक्सप्रेसवे, रेलवे ट्रैक, बस स्टैंड और आरओबी जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए भी बड़ा बजट आवंटन संभव है। कुल मिलाकर, बिहार बजट 2026 राज्य के विकास की दिशा तय करने वाला अहम बजट माना जा रहा है।

Share This Article
Exit mobile version