Junior National Kho-Kho competition
जामताड़ा। हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित केशव पार्क में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक आयोजित होने वाली 35वीं सब जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में झारखंड राज्य की टीम में जामताड़ा के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। जामताड़ा जिला खो-खो संघ के बालक खिलाड़ी शिवम कुमार मंडल और बालिका खिलाड़ी जयंती हेंब्रम झारखंड टीम की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
गुरुवार को दोनों चयनित खिलाड़ी रांची के लिए रवाना
गुरुवार को दोनों चयनित खिलाड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस से रांची के लिए रवाना हुए। इस संबंध में जामताड़ा जिला खो-खो संघ के महासचिव नंदन कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जामताड़ा के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और यह जिला खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी, संरक्षक श्यामल मंडल और वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जामताड़ा के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर ये खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता, कमलेश मंडल, दीनबंधु सिंह, संयुक्त सचिव अनीश रंजन, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, सह कोषाध्यक्ष आकाश साव, सदस्य राज कुमार, सुभाष, प्रीतम मुर्मू, रामजीत मुर्मू, नंदू हेंब्रम सहित खिलाड़ियों के अभिभावक भी मौजूद रहे।
