शेष 68 सीटों पर BJP उतारेगी प्रत्याशी
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीटों का तालमेल हो गया है। शुक्रवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आजसू के साथ भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप स मीडिया को इसकी जानकारी दी।
मौके पर असम के सीएम व भाजपा झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंता विस्व सरमा, शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश मे एनडीए की सरकार है। शक्तिशाली भारत का निर्माण मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है। झारखंड में चुनावी बिगुल बज चुका है। इंडिया गठबंधन की सरकार झारखंड को तबाही के रास्ते पर ले आई हैं। हमारी कोशिश है कि बेटी, माटी, रोटी और नौजवान सुरक्षित रहे।
इन सीटों पर लड़ेंगे आजसू, जदयू और लोजपा
हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि आजसू 10 सीट सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर से अपना प्रत्याशी उतारेगी।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) दो सीट तमाड़ और जमशेदपुर पश्चिमी और एलजेपी (आर) एक सीट चतरा से चुनाव लड़ेगा। बाकी बचे सीटों पर बीजेपी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
सीट शेयरिंग में हो सकता है परिवर्तनः
हिमंता विस्व सरमा ने कहा कि यह चुनाव हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लड़ेंगे। झारखंड में एनडीए के प्रमुख घटक दल आजसू, जदयू और लोजपा हैं। सीट पर चर्चा आगे भी चलेगी और समय के हिसाब से परिवर्तन भी होगा।
हिमंता ने कहा कि बाकी सीट पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी। हालांकि एक-दो सीट पर और चर्चा चल रही है।
रीजनल और नेशनल सब्जेक्ट को साथ लेकर चलेंगे : सुदेश महतो
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि हमने झारखंड विधानसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने की घोषणा की है। राज्य की जनता दोनों दलों को एक साथ देखना चाहती है। हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2019 में जिन्होंने कमान संभाला, हर लोग इस तकलीफ से निजात चाहता है।
जनता का समीकरण तैयार हो रहा है। कहा कि राजनीतिक जवाबदेही के रूप में हम मिलकर नया जनादेश देने की तैयारी कर चुके हैं। हम रीजनल और नेशनल सब्जेक्ट को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ सीट को लेकर चर्चा चल रही है। जो भी करेंगे, मिलकर करेंगे।
झारखंड सरकार ने जनता को ठगा हैः बाबूलाल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने पांच वर्षों में झारखंड की जनता को सिर्फ छला है। जनता ठगा महसूस कर रही है। एनडीए जनता को इस तकलीफ से निकलना चाहती है।
झारखंड सरकार ने राज्य के नौजवानों को भी ठगने का काम किया है। कहा कि हेमंत सोरेन ने अपने पिताजी का कसम खाकर कहा था कि अगर पांच लाख नौकरी नहीं मिलेगी तो हम संन्यास ले लेंगे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
उन्होंने विधानसभा में खड़े होकर बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी। लेकिन आज तक नहीं मिला। हेमंत सोरेन लड़कियों को भी सुरक्षा भी नही दे पाये।
इसे भी पढ़ें
विवाद के बीच बाबूलाल मरांडी ने खुद भरवाया गोगो दीदी योजना का फार्म