Shreyas Iyer discharged:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को सिडनी के अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान कैच पकड़ते समय पसलियों में चोटिल हो गए थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया कि अय्यर की तिल्ली (spleen) में चोट आई थी, जिससे आंतरिक रक्तस्राव हुआ था। इसके बाद उनका छोटा ऑपरेशन किया गया, जिससे रक्तस्राव पर नियंत्रण पाया गया। अब उनकी हालत स्थिर है।
BCCI ने जानकारी दी
BCCI ने जानकारी दी कि श्रेयस को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वे फिलहाल सिडनी में ही रहेंगे। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय तक आराम की सलाह दी है, और वे उड़ान भरने के लिए फिट होने के बाद भारत लौटेंगे। बोर्ड ने सिडनी और भारत दोनों जगह के डॉक्टरों—डॉ. कौरौश हाघीगी और डॉ. दिनशॉ पारदीवाला का आभार व्यक्त किया है जिन्होंने उनका इलाज किया।
30 वर्षीय अय्यर इस समय सिर्फ वनडे प्रारूप में टीम का हिस्सा हैं। कमर की समस्या के चलते वे टेस्ट क्रिकेट से पहले ही दूरी बनाए हुए हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में उन्होंने 61 रनों की शानदार पारी खेली थी। अब जबकि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, उनकी मैदान पर वापसी में अभी कुछ समय लग सकता है।
इसे भी पढ़ें
Shreyas Iyer: चोट के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर एक्टिव हुए श्रेयस अय्यर, आई पहली पोस्ट








