अर्श से फर्श पर फिसले गौतम अडानी, वैश्विक अमीरों की सूची पर अब 29वें नंबर पर

IDTV Indradhanush
2 Min Read

नई दिल्ली : हिंडनबर्ग रिपोर्ट ने अडानी समूह के मालिक गौतम अडानी के पैरों तले की जमीन खिसका दी है। हालत ये है कि समूह के शेयरों के भाव गिरते जा रहे हैं और कंपनी अर्श से फर्श पर आ चुके हैं। कुछ दिनों पहले तक दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स गौतम अडानी की संपत्ति में हर दिन कमी आने से वे वैश्विक अमीरों की सूची पर अब 29वें नंबर पर जा पहुंचे हैं। आलम यह है कि गौतम अडानी के लिए 24 जनवरी की तारीख किसी भयावह सपने सा बन गया है! दरअसल हिंडनबर्ग रिसर्च ने इस दिन अडानी ग्रुप के खिलाफ एक रिपोर्ट रिलीज की थी। जिसके बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त गिरावट हुई और शेयर बाजार में भी लगातार कोहराम मचा हुआ है।

 

42.7 अरब डॉलर है नेट वर्थ

 

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार, अडानी की नेट वर्थ फिलहाल 42.7 अरब डॉलर है और इस लिस्ट में वो 29वें नंबर पर हैं। बुधवार को भी अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट हुई थी और गौतम अडानी की नेट वर्थ में 3.39 अरब डॉलर की कमी हो गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों 22 फरवरी 2023 को लुढ़क गए थे। अडानी ग्रुप के सभी 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए थे। इस रिपोर्ट के कारण अडानी समूह को कई डील से भी हाथ धोना पड़ा है। 24 जनवरी के बाद से समूह को लगातार झटके लग रहे हैं। शेयर बाजार से लेकर नई डील पर भी तलवार लटकने लगी है। उत्तर प्रदेश में जहां बिजली मीटर से जुड़ी एक डील रद्द हो गई, वहीं डीबी पावर-पीटीसी इंडिया के साथ डील भी अपने मुकाम तक नहीं पहुंच पाई। अब ओरियंट सीमेंट ने भी अडानी ग्रुप के साथ होने वाली डील को ना करने का फैसला किया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, सीके बिड़ला ग्रुप की ओरियंट सीमेंट ने अडानी पावर महाराष्ट्र के साथ अपना करार खत्म कर दिया है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं