Tribe Commission: गुमला में अनुसूचित जनजाति आयोग का जनसंवाद कार्यक्रम, ग्रामीणों की समस्याओं पर अधिकारियों ने लिया संज्ञान

2 Min Read

Tribe Commission:

गुमला। तुरियाडीह गांव में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं तथा क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आयोग की सदस्य आशा लकड़ा उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने इस अवसर पर बिजली की अनियमित आपूर्ति, पेयजल संकट, सड़क की जर्जर अवस्था, मनरेगा कार्यों की धीमी प्रगति, राशन वितरण, धूमकुड़िया, आंगनबाड़ी सेवाओं तथा पेंशन जैसी योजनाओं में आ रही कठिनाइयों को विस्तार से रखा। मुख्य अतिथि आशा लकड़ा ने कहा कि जनसंवाद का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच दूरी कम करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाए और जिनके लिए उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजना आवश्यक है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अग्रेषित किया जाए।

आशा लकड़ा ने कहा:

आशा लकड़ा ने यह भी कहा कि अनुसूचित जनजाति समुदायों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समाज के लोग अधिकारों व परेशानियों से संबंधित मामलों की जानकारी सीधे आयोग को दे सकते हैं। उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जनजाति की परंपरा और संस्कृति पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार, पेंशन, वनाधिकार और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और कई मामलों का मौके पर ही निवारण किया। कार्यक्रम के दौरान असहाय ग्रामीणों में कंबल का वितरण भी किया गया। अतिथियों का स्वागत कर उन्हें मंच तक लाया गया और बुके देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, बीडीओ दिनेश कुमार, कल्याण पदाधिकारी गणेश राम, पंचायत समिति सदस्य रामवृत उरांव, आसीस सोनी, अशोक कुमार, सतीश बंसल, दीपांकर कुमार, घुड़ा उरांव, संतराम उरांव, सावित्री कुजूर और उर्मिला देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Exit mobile version