Schezwan Chicken Recipe:
नई दिल्ली, एजेंसियां। अगर आप चिकन लवर हैं और रोजाना की सब्जी या दाल से कुछ अलग और स्पेशल खाने का मन है, तो शेजवान चिकन एक बेहतरीन ऑप्शन है। यह एक लोकप्रिय चाइनीज डिश है, जो अपने तीखे, चटपटे और हल्के मीठे स्वाद के लिए जानी जाती है। खास बात यह है कि इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है और इसके लिए किसी खास रेस्टोरेंट स्टाइल सेटअप की जरूरत नहीं पड़ती। सही मसालों और सॉस के संतुलन से बना शेजवान चिकन बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आता है।
शेजवान चिकन बनाने की सामग्री
बोनलेस चिकन – ½ किलो
कॉर्न फ्लोर – 4 टेबल स्पून
नमक – स्वादानुसार
सूखा मसाला पाउडर – ½ टी स्पून
तेल – आवश्यकतानुसार
सूखी लाल मिर्च – 7-8
लहसुन (बारीक कटा) – 2 टी स्पून
अदरक (कटा) – 2 टी स्पून
हरी प्याज – 4 (कटी हुई)
चिकन स्टॉक – 100 एमएल
सोया सॉस – 1 टेबल स्पून
चीनी – 2 टी स्पून
सिरका – 1 टी स्पून
तिल का तेल – ½ टी स्पून
काली मिर्च पाउडर – ¼ टी स्पून
पानी में घुला कॉर्न फ्लोर – 2 टी स्पून

शेजवान चिकन बनाने की विधि
सबसे पहले चिकन के टुकड़ों को कॉर्न फ्लोर, नमक और सूखे मसाले में अच्छी तरह लपेट लें। एक कढ़ाही में तेल गरम कर चिकन को हल्का सुनहरा होने तक तल लें और अलग निकाल कर रख दें। अब उसी तेल में सूखी लाल मिर्च, लहसुन और अदरक डालकर खुशबू आने तक भूनें। इसके बाद हरी प्याज डालें और कुछ सेकंड चलाएं। अब चिकन स्टॉक, सोया सॉस, सिरका, चीनी और तिल का तेल डालकर उबाल आने दें। इसमें तला हुआ चिकन डालें और 2–3 मिनट पकाएं। अंत में कॉर्न फ्लोर का घोल डालकर सॉस को गाढ़ा करें।गरमागरम शेजवान चिकन तैयार है। इसे फ्राइड राइस या नूडल्स के साथ परोसें और घर बैठे रेस्टोरेंट जैसा स्वाद लें।







