Dhurandhar
मुंबई, एजेंसियां। फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों हर तरफ चर्चा में है, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है अक्षय खन्ना का धमाकेदार एंट्री सीन। इस सीन के साथ बजने वाला म्यूजिक ट्रैक सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो चुका है। लोग इस एंट्री ट्रैक पर रील्स बना रहे हैं और इसके पीछे की आवाज को लेकर जबरदस्त जिज्ञासा दिखाई दे रही है।
किसकी है अक्षय खन्ना की एंट्री ट्रैक की आवाज?
अक्षय खन्ना की एंट्री में इस्तेमाल हुआ ट्रैक Fa9la दरअसल भारत का नहीं, बल्कि बहरीन का गाना है। इस रैप को गाया है मशहूर बहरीनी रैपर फ्लिपराची ने, जिनका असली नाम हुस्साम असीम है। यह गाना बहरीनी भाषा में है और खाड़ी देशों में पहले से ही काफी लोकप्रिय रहा है।
खलीजी रैप का दमदार असर
Fa9la एक खलीजी-स्टाइल रैप है, जिसमें पारंपरिक अरबी वाद्य यंत्रों को मॉडर्न हिप-हॉप बीट्स के साथ मिलाया गया है। बॉलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर शाश्वत सचदेव ने इस ट्रैक को ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना के विलेन एंट्री सीन के लिए चुना, जिसने सीन को और भी ज्यादा खतरनाक और यादगार बना दिया।
12 साल की उम्र से रैप कर रहे हैं फ्लिपराची
फ्लिपराची ने बेहद कम उम्र में म्यूजिक की दुनिया में कदम रख दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 12 साल की उम्र से रैप करना शुरू कर दिया था। साल 2014 में उन्होंने अपना पहला स्टूडियो एल्बम Straight Out Of 2 Seas रिलीज किया, जिसका ट्रैक We So Fly काफी हिट रहा।
अवॉर्ड्स और इंटरनेशनल पहचान
फ्लिपराची खाड़ी क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली रैपर्स में गिने जाते हैं। साल 2024 में उन्हें ‘बहरीन आर्टिस्ट ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड भी मिल चुका है। ‘धुरंधर’ के जरिए अब उनकी आवाज भारतीय दर्शकों के बीच भी जबरदस्त पहचान बना रही है।
मिडिल ईस्ट बीट्स का बढ़ता क्रेज
‘धुरंधर’ से पहले 2023 में फिल्म ‘एनिमल’ में बॉबी देओल की एंट्री के दौरान ईरानी गाना जमाल कुडू भी खूब वायरल हुआ था। उसी कड़ी में अब Fa9la ने भारतीय सिनेमा में मिडिल-ईस्ट म्यूजिक के बढ़ते क्रेज को और मजबूत कर दिया है।
