Bihar Elections 2025: आज 12 मंत्रियों की किस्मत है EVM में कैद, हॉट सीटों पर सियासी मुकाबला दिलचस्प

Anjali Kumari
4 Min Read
Bihar Elections 2025: पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दूसरा चरण बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार, 11

Bihar Elections 2025:

पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दूसरा चरण बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार, 11 नवंबर को सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इस चरण में कुल 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जिनमें राज्य के 12 मंत्रियों का भाग्य आज EVM में कैद हो जाएगा। इनमें से कुछ मंत्री पहली बार अपने नए दलों के टिकट पर मैदान में हैं, तो कुछ पर सीधे महागठबंधन और जन सुराज पार्टी से चुनौती मिल रही है।

बेतिया से उपमुख्यमंत्री रेणु देवी की प्रतिष्ठा दांव पर:

पश्चिम चंपारण की बेतिया सीट से भाजपा की रेणु देवी, जो राज्य की उपमुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं, एक बार फिर मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने प्रत्याशी वसी अहमद को उतारा है। यहां मुकाबला पारंपरिक रूप से कांटे का माना जा रहा है।

मधुबनी, सुपौल और छातापुर में भी कड़ा मुकाबला:

मधुबनी जिले की झंझारपुर सीट पर भाजपा मंत्री नीतीश मिश्रा की भिड़ंत एक बार फिर सीपीआई के राम नारायण यादव से है। वहीं, फुलपरास से जदयू की शीला कुमारी मंडल के सामने कांग्रेस के सुबोध मंडल हैं।
सुपौल से जदयू के बिजेंद्र प्रसाद यादव लगातार जीत का सिलसिला बनाए रखना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस ने फिर से मिनतुल्लाह रहमानी को मैदान में उतारा है।

छातापुर सीट पर भाजपा के मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू का सामना राजद के डॉ. विपिन सिंह से है, जबकि जन सुराज के अभय कुमार सिंह मुन्ना त्रिकोणीय मुकाबला बना रहे हैं।

पूर्णिया, गया और जमुई में त्रिकोणीय जंग:

पूर्णिया के धमदाहा सीट से जदयू की लेशी सिंह को इस बार कड़ी चुनौती मिल रही है। उनके खिलाफ राजद ने संतोष कुशवाहा को उतारा है, जो पहले एनडीए में थे। गया टाउन सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार के सामने कांग्रेस के अखौरी ओंकारनाथ हैं, जबकि जन सुराज के धीरेन्द्र अग्रवाल मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं।
चकाई सीट (जमुई) से जदयू के सुमित कुमार सिंह के सामने इस बार राजद की सावित्री देवी हैं, जबकि कई निर्दलीय प्रत्याशी समीकरण बिगाड़ सकते हैं।

अररिया, बांका और कैमूर की सीटें भी सुर्खियों में:

अररिया की सिकटी सीट से भाजपा मंत्री विजय कुमार मंडल का सामना इस बार वीआईपी के हरिनारायण प्रामाणिक से है।
बांका के अमरपुर सीट पर जदयू मंत्री जयंत राज के खिलाफ कांग्रेस के जितेंद्र सिंह चुनौती दे रहे हैं, जहां जातीय समीकरण अहम भूमिका निभा सकते हैं।
वहीं, कैमूर जिले की चैनपुर सीट पर जदयू मंत्री मो. जामा खान के लिए मुश्किलें बढ़ी हैं। राजद ने बृज किशोर बिंद को टिकट दिया है, और जन सुराज व वीआईपी ने भी यहां समीकरणों को पेचीदा बना दिया है।

इस तरह दूसरे चरण में जहां मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है, वहीं जनता के रुझान से यह तय होगा कि बिहार की सत्ता की डगर किस ओर मुड़ने वाली है।

Share This Article