Bihar Elections 2025:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए रविवार शाम प्रचार का शोर थम गया। अब 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। पहले चरण में रिकॉर्ड 65 प्रतिशत मतदान के बाद अब दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग की उम्मीद है।दूसरे चरण में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास जिलों में मतदान होगा।
इस चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्री मैदान में हैं जिनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), रेणु देवी (बेतिया), लेशी सिंह (धमदाहा) और जमा खान (चैनपुर) जैसे नाम शामिल हैं। वहीं, महागठबंधन की ओर से राजद के वरिष्ठ नेता उदय नारायण चौधरी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और भाकपा (माले) के महबूब आलम जैसे दिग्गज उम्मीदवार मैदान में हैं।
एनडीए की ओर से:
एनडीए की ओर से भाजपा 53, जदयू 44, लोजपा (रामविलास) 15, रालोमो 4 और हम 6 सीटों पर लड़ रही है। वहीं, महागठबंधन में राजद 72, कांग्रेस 37 और वीआईपी 10 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
राजग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:
राजग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और नीतीश कुमार ने प्रचार संभाला, जबकि विपक्ष की ओर से तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने चुनावी रैलियां कीं। अब बारी मतदाताओं की है, जिनका फैसला 14 नवंबर को सामने आएगा।



