Dhanbad forced marriage case:
धनबाद। झारखंड में एक नाबालिग के ‘पकड़ौआ विवाह’ की खूब चर्चा हो रही है। धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के बाघमारा गांव से यह हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़के का अपहरण कर जबरन शादी करा देने का आरोप लगा है। ये मामला बिहार में चर्चित ‘पकड़ौआ विवाह’ जैसी घटनाओं की तरह ही है। पूरे क्षेत्र में इसे लेकर हड़कंप मचा है। लड़के की मां ने बलियापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एसएसपी से मिलकर बेटे को मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
धनबाद में नाबालिग की ‘पकड़ौआ विवाह’?
महिला के अनुसार, उनका 17 वर्षीय बेटा 8 नवंबर की शाम घर से बाहर निकला था। उसने कहा था कि वो बलियापुर जा रहा है। उसने दो घंटे में लौटने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने जब फोन किया तो उसने आखिरी बार बताया कि वो सिंदरी में है। इसके थोड़ी देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। काफी तलाश के बाद 9 नवंबर को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने कहा कि लड़के ने शादी कर ली है।
लड़के की मां ने पुलिस से लगाई गुहारः
उसने सूचना के साथ वाट्सऐप पर शादी की तस्वीर भी भेजी। कॉलर ने कहा कि कतरास आकर लिखा-पढ़ी करा लें और फिर बेटे-बहू को घर ले जाएं। महिला ने ये तस्वीर पुलिस और एसएसपी को भी भेजी है। अब धमकी और खतरे की आशंका सता रही है। लड़के की मां के मुताबिक, कॉलर ने धमकी भी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसके बेटे को मार डाला जाएगा और लाश का पता भी नहीं चलेगा।
‘मेरे बेटे की जान को गंभीर खतरा’..
महिला ने बताया कि कॉल ट्रू कॉलर ऐप पर ‘निशा कुमारी’ के नाम से दिखाई दे रही थी। लड़के मां ने ये भी बताया कि उनका बेटा नाबालिग है और उसकी उम्र शादी की नहीं हुई है। उसका जन्म 2008 में हुआ था और वो फिलहाल इंटरमीडिएट का छात्र है। उसे ऑनलाइन गेम खेलने का शौक जरूर है। महिला ने आशंका जताई है कि बेटे की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



