Malipara gang rape case:
पाकुड़। पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित आम बगान में 35 वर्षीय महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में का पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने पत्रकारों को घटना से जुड़े पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 7 बजे टाइगर मोबाइल को सूचना मिली कि मालीपाड़ा आम बगान में एक महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है। सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची, पीड़िता को रेस्क्यू किया और घटनास्थल से ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
8–10 युवकों ने दिया वारदात को अंजामः
पीड़िता ने बताया कि वह शाम को घूमने के लिए आम बगान गई थी, तभी 8–10 युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका मोबाइल, एटीएम कार्ड तथा नकदी छीन ली। घटना के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 298/2025 दर्ज किया गया और त्वरित कार्रवाई के लिए डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। SIT टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने पीड़िता का मोबाइल और एटीएम कार्ड भी बरामद कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



