Trump claims:
वॉशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा और विवादास्पद बयान देते हुए दावा किया है कि पाकिस्तान, रूस, चीन और उत्तर कोरिया जैसे देश गुप्त रूप से परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन देशों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए अमेरिका को भी अपने परमाणु परीक्षण फिर से शुरू करने की आवश्यकता है। सीबीएस न्यूज़ के “60 मिनट्स” कार्यक्रम में दिए गए साक्षात्कार के दौरान ट्रंप ने यह खुलासा किया और कहा कि अमेरिका अब और “मूक दर्शक” नहीं रहेगा।
ट्रंप ने कहा
ट्रंप ने कहा कि रूस और चीन परीक्षण कर रहे हैं, लेकिन वे इस बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं करते क्योंकि वहां स्वतंत्र पत्रकारिता नहीं है। वहीं, अमेरिका एक खुला समाज है, इसलिए वहां सब कुछ पारदर्शी तरीके से सामने आता है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “हम परीक्षण करेंगे, क्योंकि वे परीक्षण कर रहे हैं और उत्तर कोरिया भी कर रहा है। पाकिस्तान भी परमाणु परीक्षण कर रहा है।” पाकिस्तान का नाम इस बयान में शामिल होना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि हाल के महीनों में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल मुनीर ने ट्रंप से संबंध सुधारने की कोशिशें की थीं। ऐसे में ट्रंप का यह बयान पाकिस्तान-अमेरिका रिश्तों में फिर से तनाव बढ़ा सकता है।
अमेरिका के पास दुनिया को 150 बार नष्ट करने जितने परमाणु हथियार
ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका के पास “दुनिया को 150 बार नष्ट करने जितने परमाणु हथियार” हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा की है, लेकिन मौजूदा हालात में अमेरिका को फिर से परीक्षण शुरू करना “उचित” कदम लगता है। उन्होंने कहा कि तीन दशक से अधिक समय बाद अमेरिकी परमाणु परीक्षण की तैयारियां पहले से चल रही हैं, हालांकि उन्होंने इसके समय और स्थान का खुलासा नहीं किया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह कदम दुनिया को और अस्थिर बना सकता है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, “मुझे लगता है कि हमने सब कुछ काफी हद तक नियंत्रण में रखा है।” इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है, क्योंकि यदि पाकिस्तान या चीन जैसे देश वास्तव में परमाणु परीक्षण कर रहे हैं, तो इससे वैश्विक सुरक्षा संतुलन पर गंभीर असर पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें








