Ali Khamenei Death News:
इस्लामदाब, एजेंसियां। ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों और ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे हैं। कराची से लेकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर तक फैली हिंसा में अब तक 35 लोगों की मौत और 100 से अधिक के घायल होने की खबर है। आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट्स के मुताबिक कराची में 16, गिलगित में 7, स्कर्दू में 6 और इस्लामाबाद में 6 लोगों की मौत हुई है। झड़पों के दौरान गोलीबारी की भी खबर है। हालात बिगड़ने पर पंजाब प्रांत के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित की गई है।
अस्पतालों को आंकड़े जारी न करने के निर्देश?
सूत्रों का दावा है कि कुछ अस्पतालों को वास्तविक आंकड़े सार्वजनिक न करने के निर्देश दिए गए हैं। शुरुआती जानकारी के बाद कई अस्पतालों ने मृतक और घायलों का डेटा साझा करना कम कर दिया है।
अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी
जिन्ना पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सेंटर और आगा खान यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल समेत कई अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अमेरिकी दूतावास की एडवाइजरी
अमेरिकी दूतावास इस्लामाबाद ने पाकिस्तान में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने और स्थानीय खबरों पर नजर रखने की सलाह दी है। देश के कई हिस्सों में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा बल हालात पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।








