Earthquake in Indonesia:
जकार्ता, एजेंसियां। इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर गुरुवार सुबह 6.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके झटकों ने पूरे आचे प्रांत को हिला दिया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र हिंद महासागर में करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। तेज झटकों से स्थानीय लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि इस भूकंप के बाद सुनामी की संभावना नहीं है।
अभी तक जानमाल के नुकसान या चोट की पुष्टि नहीं हुई:
अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान या चोट की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन झटकों की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। इंडोनेशिया पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम वाले क्षेत्र में आता है, क्योंकि यह भूगर्भिक रूप से सक्रिय पैसिफिक “रिंग ऑफ फायर” का हिस्सा है। यही कारण है कि यहां भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां आम बात हैं।हाल के दिनों में भी प्राकृतिक आपदाओं ने देश को प्रभावित किया है। उत्तरी सुमात्रा प्रांत में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं।
भूकंप क्यों आते हैं?
पृथ्वी की सतह 7 प्रमुख टेक्टोनिक प्लेट्स पर टिकी है, जो लगातार गतिशील रहती हैं। जब ये प्लेट्स फॉल्ट लाइनों पर एक-दूसरे से टकराती या खिसकती हैं, तो भारी घर्षण पैदा होता है। इस ऊर्जा के मुक्त होने पर धरती हिलती है, जिसे हम भूकंप के रूप में महसूस करते हैं।



