Air India flight
लंदन, एजेंसियां। एअर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में एक बार फिर तकनीकी खामी सामने आई है। लंदन से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI-132 को 2 फरवरी 2026 को फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी के कारण टाल दिया गया। यह विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था, जिसे एहतियातन ग्राउंड कर दिया गया है।
एअर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि उनके एक पायलट ने उड़ान से पहले फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की रिपोर्ट की थी। इसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाते हुए विमान को उड़ान से रोक दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) को जांच में शामिल किया गया है और मामले की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
‘रन मोड’ में लॉक नहीं हुआ फ्यूल स्विच
सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन की एक प्रेस रिलीज के अनुसार, बोइंग 787-8 विमान (VT-ANX) के बाएं इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ मोड में लॉक नहीं हो पाया और बार-बार ‘कटऑफ’ की ओर चला गया। यह एक गंभीर तकनीकी स्थिति मानी जाती है, क्योंकि कुछ हालात में इससे उड़ान के दौरान इंजन अचानक बंद हो सकता है।
अहमदाबाद हादसे की यादें ताजा
गौरतलब है कि करीब छह महीने पहले अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे की जांच रिपोर्ट में भी फ्यूल स्विच की खराबी को बड़ा कारण बताया गया था। AAIB की रिपोर्ट के अनुसार, टेकऑफ के तुरंत बाद दोनों इंजनों के फ्यूल स्विच बंद हो गए थे, जिससे विमान का थ्रस्ट खत्म हो गया और हादसा हुआ।
हालांकि एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि DGCA के निर्देश पर पहले ही पूरे बोइंग 787 फ्लीट की जांच की जा चुकी थी और तब कोई समस्या नहीं पाई गई थी। फिलहाल, इस नए मामले की विस्तृत जांच जारी है और अगली उड़ान जांच पूरी होने के बाद ही तय की जाएगी।
