Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम ने ली करवट, दिन में गर्मी तो शाम में हल्की ठंड

2 Min Read

Jharkhand Weather Update

रांची। झारखंड में जनवरी के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। ठंड अब लगभग विदाई की ओर है और दिन के समय लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

29–30 जनवरी को बढ़ेगी बादलों की आवाजाही

मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 और 30 जनवरी के बीच राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। इस दौरान कुछ जिलों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। बादलों के कारण दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जबकि रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, जिससे रात की ठंड कम महसूस होगी।

फरवरी की शुरुआत में लौट सकती है हल्की ठंड

जनवरी के अंत और फरवरी की शुरुआत में जब बादल छंटेंगे, तब उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंड लौटने की संभावना जताई जा रही है।

दक्षिण झारखंड में गर्मी का असर ज्यादा

दक्षिणी झारखंड के जिलों जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और लातेहार में भी पारा 30 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर और पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड तक पहुंच रहा है। इससे तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक बना हुआ है। कुहासे की स्थिति में भी सुधार हुआ है, लेकिन मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण लोगों को स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share This Article
Exit mobile version