Jharkhand cold wave
रांची। झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के असर से राज्य के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी रांची सहित आधे से अधिक जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है, और सूरज को भी ढके है।
रांची में तो कई दिनों से लोगों को धुप नहीं मिल रही जिससे लोग रजाई में ही घुस के रहने को मजबूर हो गए है। रजाई से बाहर निकलते ही ऐसा लगता है की मानों पैर ने काम करना बंद कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने सावधानी के तौर पर राज्य के 13 जिलों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। रांची के समीप कांके में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो फिलहाल राज्य में सबसे कम है। वहीं, रांची का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी ठिठुरन बनी रही।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, लोहरदगा, धनबाद, पलामू, गढ़वा सहित कुल 13 जिलों में सुबह के समय घने कोहरे की संभावना है। दृश्यता कम रहने से सड़क, रेल यातायात, विमान सेवा और बस यात्रा भी प्रभावित हो रहा है। घने कोहरे के कारण लोगों को देखने में दिक्क्त हो रही हैं, जिससे कई सारी दुर्घटनाएं भी हो रही हैं, जिससे लोग अपनी जान गवां रहे हैं।
23 दिसंबर तक राहत के आसार नहीं
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक आनंद के मुताबिक, 19 से 23 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा और दिन में भी ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। लातेहार, कोडरमा और पलामू जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।
सावधानी जरूरी
कड़ाके की ठंड और कोहरे का सबसे अधिक असर बुजुर्गों, बेघर लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। ठंड से बचने के लिए सुबह-शाम गर्म कपड़े पहने, शरीर को पूरी तरह ढक कर रखें, खासकर सिर, कान, गला, हाथ और पैर को। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और यदि बाहर जा रहें हों तो शरीर को अच्छे तरीके से ढक के बाहर निकलें।
यदि वाहन चला रहे हैं, तो कोहरे में धीमी गति में ही वाहन चलाएं, जिससे सामने से आती गाड़ी आपको दिख सके। यदि वाहन की गति तेज होगी तो सामने से आती गाड़ी नहीं दिख पायेगी जिस कारण आप दुर्घटना ग्रसित हो सकते हैं।

