Jharkhand weather update: 3–4 फरवरी को झारखंड के कई जिलों में हल्की बारिश

2 Min Read

Jharkhand weather update

रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बीते कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के कारण ठंड का असर कम महसूस हो रहा था, लेकिन अब मौसम विभाग ने ठंड के दोबारा लौटने के संकेत दिए हैं। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 फरवरी को राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हाल के दिनों में तापमान बढ़ने के कारण लोगों ने गर्म कपड़े पहनना लगभग छोड़ दिया था, लेकिन बारिश और ठंडी हवाओं के साथ एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ सकता है।

कई इलाको में हल्की बारिश

पूर्वानुमान के अनुसार 3 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान सुबह के समय हल्का कोहरा छाने और बाद में आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है। वहीं 4 फरवरी को पश्चिमी झारखंड के साथ-साथ सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह हल्का कोहरा और दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share This Article
Exit mobile version