Murder in Ranchi
रांची। रांची के रातू थाना क्षेत्र के नयाटोली सिमलिया स्थित एक्सिलेंट पब्लिक स्कूल के पास 23 जनवरी की रात हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतक के करीबी दोस्त को ही गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान डेविड कुजुर उर्फ आलोक कुजुर के रूप में हुई है, जो गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नावागेन का रहने वाला था। वह पिछले दो महीने से नयाटोली में किराए के मकान में रहकर मजदूरी का काम कर रहा था।
विशेष छापामारी दल का गठन
घटना के बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर की निगरानी में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। डीएसपी (मुख्यालय) द्वितीय के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नयाटोली निवासी अजय लिंडा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
क्या है मामला?
पुलिस को दिए बयान में अजय लिंडा ने बताया कि उसकी दोस्ती डेविड से काम के दौरान हुई थी। दोनों साथ रहते थे और साथ ही खाना-पीना करते थे। आरोपी के अनुसार, डेविड ने उससे दो हजार रुपये उधार लिए थे, लेकिन पैसे मांगने पर वह लगातार टालमटोल करने लगा। जब दोबारा पैसे मांगे गए तो दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने डेविड की हत्या की योजना बनाई।
23 जनवरी की शाम आरोपी डेविड के कमरे पर पहुंचा और उसे शराब पीने के लिए तैयार किया। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। देर रात डेविड के नशे में होने पर आरोपी उसे टहलने के बहाने बाहर ले गया। स्कूल के पास सड़क किनारे पेशाब करने के दौरान आरोपी ने लकड़ी के पटरे से डेविड के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त करीब तीन फीट लंबा लकड़ी का पटरा, घटना के समय पहने गए हाफ पैंट और टी-शर्ट बरामद किए हैं। छापामारी दल में डीएसपी अरविंद कुमार, रातू थाना प्रभारी राम नारायण सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
