Cold wave in Jharkhand: झारखंड के 17 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट, 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

2 Min Read

Cold wave in Jharkhand

रांची। झारखंड में शीतलहर का कहर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 14 और 15 जनवरी को राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसे देखते हुए रांची समेत 17 जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

सुबह-शाम कड़ाके की ठंड, कोहरे का असर

राज्य के कई इलाकों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा और कनकनी वाली ठंड महसूस की जा रही है। शाम ढलते ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो जा रही है। हालांकि बीते दो दिनों से खिली धूप के कारण दिन में कुछ राहत जरूर मिली है। मैक्लुस्कीगंज और कांके क्षेत्रों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिली।

15 जनवरी को फिर गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 जनवरी को एक बार फिर तापमान में गिरावट होगी, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा। इसके बाद 16, 17 और 18 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 14 और 15 जनवरी को उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार; दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां; तथा मध्य भाग के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में शीतलहर चलेगी। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Share This Article
Exit mobile version