पुजारियों के दो गुट आपास भिड़े
पटना, एजेंसियां। राजधानी पटना के बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में रविवार की रात जमकर लाठी डंडे चले। पुजारियों के दो गुट आपस में भिड़ गये। इस दौरान कई युवा पुजारी जख्मी हो गए। इस घटना को देख वहां दर्शन करने गए लोगों में भगदड़ मच गई।
झड़प की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस वहां पहुंची और एक गुट के पुजारियों को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने काफी मशक्कत कर के मंदिर परिसर में शांति बहाल करवाया। तनाव नहीं फैले इसको लेकर मंदिर परिसर में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है।
करीब एक दर्जन पुजारी हिरासत मेः
जानकारी के अनुसार, इस्कॉन मंदिर के एक पक्ष के पुजारी और दूसरे पक्ष के पुजारियों के बीच किसी बात को लेकर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान एक गुट के पुजारियों ने दूसरे गुट पर लाठी-ठंडे से प्रहार करना शुरू कर दिया।
एक दुकान का शीशा भी टूट गया। परिसर कुछ देर तक रण क्षेत्र में तब्दील हो गया था। इसमें दूसरे गुट के गिरधारी दास सहित आधा दर्जन से अधिक पुजारी घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने एक गुट के करीब 12 से अधिक पुजारियों को पकड़कर थाने ले गई।
मामले को लेकर कोतवाली थानेदार राजन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
आपत्तिजनक वीडियो की शिकायतः
इस्कॉन मंदिर के एक जख्मी साधु गिरधारी दास ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के स्थानीय पुजारी मंदिर परिसर में गलत कार्य कर रहे हैं। इसका प्रमाण भी वीडियो के रूप में उनके पास है।
इसके आधार पर ही मामले की शिकायत इस्कॉन अथॉरिटी के वरीय अधिकारियों से की गई थी। वहां से जब मेल आया तो वह आग बबूला हो गए। उक्त पुजारी ने बातचीत के लिए बुलाया।
बातचीत के दौरान ही उन्होंने अपने अन्य लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस इसे लेकर सजग है। मंदिर के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गयी है।








