मुंबई। फिल्म जगत से बुरी खबर सामने आयी है। फिल्म ‘दंगल’ में बबीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाने वाली सुहानी भटनागर का महज 19 वर्ष में निधन हो गया।
इस खबर के बाद से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्म के गाने ‘बापू सेहत के लिए हानिकारक’ से उनको खूब पसंद किया गया था।
भले ही फिल्म में उनका ज्यादा बड़ा किरदार नहीं था, लेकिन जितना भी था उसमें उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया था।
जानकारी के मुताबिक गलत ट्रीटमेंट मिलने की वजह से उनकी जान गई है। बता दे कि कुछ समय पहले सुहानी का एक्सीडेंट हो गया था, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था।
इलाज के दौरान उन्होंने जो दवाएं लीं थी, उसकी वजह से रिएक्शन हो गया था। इस रिएक्शन से उनके पूरे शरीर में लिक्विड जमा होने लने लगा था।
जिसके वजह से उन्हें काफी तकलीफ का सामना करना पड़ता था। वह लंबे समय से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थीं।
लेकिन महज 19 साल की उम्र में सुहानी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को फरीदाबाद में होगा।
सुहानी भटनागर की मौत ने सबको शोक में डाल दिया है। वह हरियाणा के फरीदाबाद में रहती थीं। इसकी जानकारी मिलते ही आमिर खान की टीम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
सोशल मीडिया पर लिखा- ‘सुहानी के गुजर जाने की खबर से हम बेहद दुखी हैं। उनकी मां पूजा जी और पूरे परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।
सुहानी बेहद टैलेंटेड लड़की थीं, हमेशा टीम प्लेयर बनकर काम करती थीं। उनके बिना दंगल अधूरी रहती। सुहानी आप हमारे दिलों में हमेशा स्टार रहेंगीं।’
फिल्म ‘दंगल’ वर्ष 2016 में सुहानी भटनागर को छोटी बबीता के किरदार में देखा गया था। आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म में वो आमिर खान, साक्षी तंवर और जायरा वसीम के साथ में नजर आई थीं।
अपनी परफॉरमेंस के लिए सुहानी को तारीफें भी मिली थीं. इसके बाद सुहानी भटनागर को टीवी के कई विज्ञापनों में भी देखा गया था। कुछ वक्त बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ पढ़ाई पर फोकस करने का फैसला लिया था।
इसे भी पढ़ें