आज से नामांकन, 38 सीटों पर होगा मतदान
रांची। झारखंड के 81 विधानसभा सीटों पर 2 चरणों में चुनाव होंगे। इसमें पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण का चुनाव 20 नवंबर को होगा। इस चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।
इसे लेकर रांची DC वरुण रंजन ने मंगलवार 22 अक्टूबर को दूसरे चरण में जिले में 2 विधानसभा क्षेत्रों-सिल्ली और खिजरी में होने वाले चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी।
दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोटिंग 20 नवंबर कोः
अधिसूचना के साथ ही राज्य की 38 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। दूसरे चरण के लिए नॉमिनेशन करने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर होगी।
जबकि, 30 अक्टूबर को नॉमिनेशन की scrutiny की जाएगी। वहीं, 1 नवंबर तक प्रत्याशियों के पास नॉमिनेशन वापस लेने का अंतिम दिन होगा।
कौन होंगे सिल्ली और खिजरी के निर्वाची पदाधिकारीः
सिल्ली विधानसभाः
सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी रामनारायण सिंह, अपर समाहर्ता होंगे। सिल्ली निर्वाची कोषांग, अपर समाहर्त्ता का समाहरणालय स्थित कार्यालय कमरा संख्या 303 ब्लॉक-ए में अवस्थित होगा।
इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 279 मतदान केंद्र हैं, जिसमें से 2 मतदान केंद्रों- मतदान केंद्र संख्या 25 और 26 में सुबह 7:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे तक मतदान होगा। वहीं, अन्य 277 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक वोटिंग होगी।
खिजरी विधानसभाः
खिजरी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सुर्दशन मुर्मू होंगे। खिजरी निर्वाची कोषांग अपर समाहर्त्ता का (नक्सल) समाहरणालय स्थित कार्यालय कमरा संख्या 212 ब्लॉक-ए रांची में अवस्थित होगा।
इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 413 मतदान केंद्र हैं, जिसमें से 2 मतदान केंद्रों- मतदान केंद्र संख्या 204 और 205 में सुबह 7:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान होगा। जबकि, अन्य 411 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक वोटिंग होगी।
इन 38 सीटों पर शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया
इन सीटों पर दूसरे चरण में होंगे चुनावः
आज से दूसरे चरण में जिन सीटों पर मतदान होना है, उसकी चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन सीटों में राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, मधुपुर, सारठ, देवघर, पौड़ेयाहाट, गोड्डा, महगामा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली और खिजरी शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें
झारखंड बचाओ क्रांति सेना समिति सभी 81 विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव