IPL 2026 Auction
अबु धाबी, एजेंसियां। IPL 2026 के मेगा ऑक्शन में भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई पर जमकर पैसों की बारिश हुई। कई फ्रेंचाइजियों के बीच चली कड़ी बोली के बाद आखिरकार राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 7.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर उन्हें अपने स्क्वाड में शामिल कर लिया। 25 वर्षीय बिश्नोई का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था और उनका नाम ऑक्शन के पांचवें सेट में आया था।
रवि बिश्नोई पिछले चार सीजन तक लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा रहे थे। हालांकि मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया, जिसके बाद ऑक्शन में उनकी मांग काफी बढ़ गई। राजस्थान रॉयल्स ने स्पिन विभाग को मजबूत करने के उद्देश्य से बिश्नोई पर बड़ा दांव खेला और अंततः उन्हें अपने खेमे में शामिल करने में सफलता हासिल की।
बिश्नोई भारतीय क्रिकेट में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज रह चुके हैं। उन्होंने 2022 में टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक वह 42 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 61 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13 रन देकर 4 विकेट रहा है। हालांकि, इस समय वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और उन्होंने साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था।
आईपीएल करियर की बात करें तो रवि बिश्नोई ने 2020 में पंजाब किंग्स के लिए डेब्यू किया था। दो सीजन में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद 2022 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े। कुल 77 आईपीएल मैचों में उन्होंने 72 विकेट झटके हैं। हालांकि 2025 का सीजन उनके लिए खास नहीं रहा, जहां 11 मैचों में वह सिर्फ 9 विकेट ही ले सके।
हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गुजरात के लिए उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा, जहां उन्होंने 7 मैचों में 9 विकेट लिए। अब राजस्थान रॉयल्स को उम्मीद होगी कि बिश्नोई अपनी फॉर्म को आईपीएल 2026 में दोहराकर टीम की गेंदबाजी को नई धार देंगे।








