Rorawar police station fire: रोरावर थाना क्षेत्र में अलाव से भड़की आग, 6 माह के बच्चे की जलकर मौत, दो मासूम गंभीर

Juli Gupta
2 Min Read

Rorawar police station fire:

लखनऊ, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से सर्दी के मौसम में लापरवाही का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। रोरावर थाना क्षेत्र के अशरफपुर जलाल स्थित महफूज नगर में सर्दी से बचने के लिए घर के अंदर जलाए गए अलाव ने भीषण आग का रूप ले लिया। इस हादसे में 6 माह के मासूम दिव्यांश की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई-बहन गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

कब घटी ये घटना?

घटना सोमवार देर शाम की है। जानकारी के अनुसार, परिवार के मुखिया प्रताप सिंह उर्फ छोटू ने ठंड से बचाव के लिए घर के अंदर अलाव जलाया था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई। आग की चपेट में घर में मौजूद तीन मासूम बच्चे आ गए। हादसे में 6 महीने के दिव्यांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 वर्षीय मनु और 5 वर्षीय तनु गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजन तुरंत घायल बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दिव्यांश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसे 3 वर्षीय मनु को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर दिल्ली रेफर कर दिया गया है। 5 वर्षीय तनु का इलाज फिलहाल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। मासूम की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया।

पुलिस का कहना

घटना की सूचना मिलते ही रोरावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा अलाव से लगी आग के कारण प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सर्दी के मौसम में अलाव जलाते समय सतर्कता बरतने की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article