Womens World Cup:
विशाखापट्टनम, एजेंसियां। विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का 10वां मैच गुरुवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। विशाखापट्टनम के डॉ वायएस राजशेखर स्टेडियम में मुकाबला दोपहर 3 बजे शुरू होगा। इंडिया विमेंस टीम पाकिस्तान और श्रीलंका को हराकर फिलहाल पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है। टीम आज का मैच जीतकर टॉप पर पहुंच सकती है। साउथ अफ्रीका को पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने हराया, टीम ने दूसरे मुकाबले में वापसी की और न्यूजीलैंड को हराकर पहली जीत दर्ज की।
भारत ने 61% वनडे जीतेः
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 33 विमेंस वनडे खेले गए। 20 में इंडिया और 12 में साउथ अफ्रीका को जीत मिली। 1 मुकाबला बेनतीजा भी रहा। वनडे वर्ल्ड कप में दोनों के बीच 5 मैच खेले गए, 3 में भारत और 2 में साउथ अफ्रीका को जीत मिली।
भारत का पलड़ा भारीः
दोनों टीमें 1997 के वर्ल्ड कप में पहली बार भिड़ी थीं, तब इंडिया ने 5 विकेट से बाजी मारी थी। 2013 तक दोनों के बीच 7 ही मैच हुए। भारत ने 4 और साउथ अफ्रीका ने 2 मैच जीते। एक मुकाबला बेनतीजा रहा। 2014 से दोनों ने 26 वनडे खेल लिए। 10 में साउथ अफ्रीका और 16 में भारत को जीत मिली। दोनों के बीच पिछले 5 मैच भी भारत ने ही जीते हैं।
विशाखापट्टनम में टूर्नामेंट का पहला मैचः
डॉ वायएस राजशेखर स्टेडियम में विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के 5 मैच खेले जाने हैं, जिसकी शुरुआत आज से होने जा रही है। यहां 2010 से 2014 के बीच ही विमेंस वनडे खेले गए थे। तब 5 मुकाबलों में 4 बार चेज करने वाली टीमों को जीत मिली। ऐसे में आज टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग चुन सकती है।
दीप्ति टूर्नामेंट की टॉप विकेट टेकरः
भारत की ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा टूर्नामेंट की टॉप विकेट टेकर हैं, उन्होंने 2 ही मुकाबलों में 6 विकेट झटक लिए हैं। उनके बाद क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने 4-4 विकेट झटके हैं। बैटर्स में हरलीन देओल ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 94 रन बनाए हैं। उनके बाद दीप्ति ने 79 रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर के बैट से अब तक कुछ खास रन नहीं निकले हैं, ऐसे में दोनों आज अहम किरदार निभा सकती हैं।
इसे भी पढ़ें
Sports day: राज्य के स्कूलों में 29 और 30 अगस्त को मनेगा खेल दिवस








