रांची। हेमंत सोरेन सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी भी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस भी अपने कोटे के मंत्रियों के नाम तय नहीं कर पाई। इधर, कांग्रेस के फैसले का झामुमो इंतजार कर रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर दिल्ली और राज्य सरकार दोनों के संपर्क में हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी दिल्ली में हैं पर पार्टी के कई बड़े नेताओं से उनकी बातचीत नहीं हो पाई है।
सोमवार को पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा मंत्रियों के नाम पर विचार किया जा सकता है। इसके लिए मीर भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। अगर फैसला हो गया तो कांग्रेस पार्टी सोमवार शाम तक मुख्यमंत्री को अपने कोटे के मंत्रियों का नाम सुझा सकती है।
झामुमो को कांग्रेस के फैसले का इंतजारः
इधर, झामुमो पूरी तरह कांग्रेस के फैसले का इंतजार कर रहा है। कांग्रेस कोटे के मंत्रियों का नाम मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल विस्तार की तिथि तय करेंगे। वे शपथ ग्रहण समारोह की तिथि व समय से राजभवन को अवगत कराएंगे।
मंत्री बनने के लिए विधायकों की लाबिंग जारीः
दूसरी ओर मंत्री बनने को लेकर झामुमो, कांग्रेस और राजद में लॉबिंग का दौर अब भी जारी है।
कांग्रेस के कुछ विधायक दिल्ली में जमे रहे, वहीं झामुमो विधायक रांची में हेमंत सोरेन के पास अपनी दावेदारी पेश करने में लगे रहे।
फिलहाल कांग्रेस के विधायकों में दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी का नाम सबसे आगे है। इरफान असारी माइनिरिटी कम्यूनिटी से आते हैं। पिछली सरकार में भी मंत्री थे। वहीं दीपिका पांडेय सिंह संथाल का प्रतिनिधित्व करती हैं और अग्रणी जाति का चेहरा भी हैं।
इसके अलावा शिल्पी नेहा तिर्की मंत्रिमंडल में नया चेहरा हो सकती हैं। एक तो वो महिला हैं और दूसरे वह ईसाई समुदाय से भी आती हैं। पर सबसे बड़ा कंट्रास्ट रामेश्वर उरांव को लेकर है। वो जनजातीय समुदाय से हैं।
कांग्रेस के कुछ पुराने नेता उनका नाम आगे बढ़ा रहे हैं। पर कहा जा रहा है कि इस सरकार में वह फिट नहीं बैठ रहे। इसलिए भी मामला उलझा हुआ है। वहीं कांग्रेस एक ओबीसी चेहरे को भी सामने लाना चाहती है। पर उसके पास चार मंत्रियों का ही कोटा है।
बताते चलें कि 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आया था। 28 नवंबर को हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली। 9 दिसंबर से विधानसभा का विशेष सत्र आहूत है, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार में विलंब होता ही जा रहा है
इसे भी पढ़ें
पिस्का में कांग्रेस पार्टी का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन