Jharkhand wild elephant control: झारखंड के हिंसक हाथियों को ‘हनी ट्रैप’ में फंसायेंगी कर्नाटक की कुनकी हथनियां

4 Min Read

Jharkhand wild elephant control:

रांची। झारखंड के हजारीबाग और चाईबासा जिले में हाथियों ने आतंक मचा रखा है। ये अब तक 25 से अधिक लोगों की जान ले चुके हैं। चाईबासा में एक अकेले हाथी ने 15 से अधिक लोगों की जान ले ली है। हजारीबाग में पांच हाथियों का झूंड 7 लोगों एक ही रात में मार चुका है। झारखंड के वन विभाग ने अब इन हिंसक हो चुके हाथियों को हनी ट्रैप में फंसा कर काबू करने की योजना बनाई है। इसके लिए कर्नाटक से आधा दर्जन कुनकी हथनियां मंगाने की योजना बन रही है। ये कुनकी हथनियां वहशी हाथियों को अपने प्रेमजाल में लाकर शांत करेंगी और लोगों की जान बचायेंगी।

सीएम हेमंत जता चुके हैं चिंताः

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी हाथियों के हमले को लेकर चिंता जता चुके हैं। उन्होंने कहा है कि अब हाथियों से एक भी मौत नहीं होनी चाहिए। इसके बाद विभाग ने यह उपाय निकला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक वन विभाग ने हाथियों को प्रशिक्षित करने और उनके साथ महावत रखने का प्रयोग किया है। इन्हें कुनकी हाथी कहा जाता है। कुनकी फारसी भाषा का शब्द है जसका अर्थ होता है सहायक। हाथियों को प्रशिक्षित और अनुशासित बनाकर उन्हें बिगड़ैल हाथियों पर नियंत्रण करने भेजा जाता है।

कई सफल अभियान को अंजाम दे चुके हैं ये हाथीः

तमिलनाडू में कालेम और कर्नाटक का अभिमन्यु नामक कुनकी हाथी कई सफल अभियान में सहायक रहा है। हाथियों के शरीर से निकलने वाली गंध और आपसी व्यवहार बेलगाम हाथियों पर नियंत्रण करते हैं।

क्यों हिंसक हो रहे हाथीः

झारखंड में करीब 600 हाथी हैं। ये जंगलों में विचरण करते रहते हैं। लेकिन, वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट आफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में जंगल छोटे हुए हैं। इस वजह से हाथियों को पर्याप्त मात्रा में भोजन नहीं मिल पा रहा है। सामान्य तौर पर एक हाथी की भोजन आवश्यकता दिन में 17 घंटे खाने से होती है। लेकिन, जंगल में संसाधन कम हुए हैं और हाथी आबादी वाले इलाके में प्रवेश कर रहे हैं। यहां खेतों में तैयार फसल, केला जैसे तैयार फल इन्हें खाने को मिल रहा है।

इससे इनकी भोजन आवश्यकता पूरी हो जा रही है। लेकिन, क्षेत्र को लेकर आपसी प्रतिस्पर्धा बढ़ती है। इस वजह से किसी नर हाथी को झुंड छोड़ना पड़ता है और वह हिंसक हो जाता है।

6 कुनकी हाथी लाये जा रहेः

वन एवं पर्यावरण विभाग प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार के मुताबिक कर्नाटक सरकार ने छह कुनकी हाथियों को देने की सहमति दे दी है। जल्द ही ये हाथी झारखंड आ जाएंगे। इनके साथ प्रशिक्षित महावत और ट्रैंक्युलाइज करने वाली टीम भी होगी। जो हाथी चाईबासा और हजारीबाग में हिंसक हुए हैं, उनपर कुनकी हाथियों की मदद से नियंत्रण पा लिया जाएगा। कुनकी हाथियों का प्रयोग दूसरे राज्यों में भी ऐसी स्थिति में हुआ है जो सफल रहा है।

Share This Article