Jharkhand Police SI merit list 2026:
रांची। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) संवर्ग की औपबंधिक राज्य वरीयता सूची 2026 जारी कर दी है। इस सूची में वरीयता क्रमांक 1 से 4307 तक के अधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी यह सूची झारखंड पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट www.jhpolice.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है।
सभी जिलों को प्रचार-प्रसार के निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिला और क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में इस वरीयता सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि सभी संबंधित पदाधिकारियों तक इसकी जानकारी समय पर पहुंच सके। इसका उद्देश्य यह है कि कोई भी अधिकारी जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न रह जाए।
त्रुटि होने पर एक सप्ताह में दर्ज करें आपत्ति
विभागीय निर्देशों के अनुसार, यदि किसी पदाधिकारी को सूची में अपने नाम, वरीयता क्रम या अन्य विवरणों में कोई त्रुटि दिखाई देती है, तो वे पत्र जारी होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। तय समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले अभ्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
सेवा पुस्तिका से मिलान अनिवार्य
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वरीयता सूची में दर्ज सभी जानकारियों का सेवा पुस्तिका और अन्य आधिकारिक अभिलेखों से मिलान किया जाना अनिवार्य है। यदि किसी अधिकारी का नाम सूची में छूट गया हो या पदस्थापन से जुड़ी कोई गड़बड़ी हो, तो इसकी सूचना निर्धारित प्रपत्र में अलग से दी जा सकती है।
पदोन्नति और स्थानांतरण में होगी सहूलियत
यह वरीयता सूची राज्य के सभी जिला पुलिस कार्यालयों, क्षेत्रीय इकाइयों, विशेष शाखा, अपराध अनुसंधान विभाग (CID), JJFWFS सहित अन्य संबंधित विभागों को भी भेज दी गई है। पुलिस विभाग के अनुसार, इसी सूची के आधार पर भविष्य में पदोन्नति, स्थानांतरण और अन्य विभागीय प्रक्रियाएं पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएंगी, जिससे पुलिसकर्मियों को समय पर उनका वैध लाभ मिल सकेगा। यह कदम झारखंड पुलिस में प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
