रांची। कांग्रेस झारखंड के विधानसभा चुनाव में 33 विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी और स्थिति को मजबूत बता रहा है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी 31 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
इस बार के चुनाव में उम्मीदवार कौन होगा, इसके लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक नई दिल्ली में हुई, जहां चुनाव से जुड़ी तमाम बातों पर विस्तृत चर्चा की गई।
यह बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी से अगस्त के अंतिम सप्ताह में रांची आने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने इसके लिए हामी भर दी है।
स्क्रीनिंग कमेटी करेगी उम्मीदवारों का चयन
राष्ट्रीय स्क्रीनिंग कमेटी झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों का चयन करेगी। इसके लिए कमेटी रांची आएगी। नई दिल्ली में हुई बैठक में इसपर निर्णय हुआ है।
विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए जल्द ही स्क्रीनिंग कमेटी का दौरा होगा। इस क्रम में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से कमेटी के अध्यक्ष और सदस्य मुलाकात कर उनसे बात करेंगे और जमीनी सच्चाइयों से अवगत होंगे।
सभी विधानसभा को लेकर चर्चा
बैठक में झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अलावा स्क्रीनिंग कमेटी की सदस्य पूनम पासवान और प्रकाश जोशी भी थे। बैठक में झारखंड की सभी विधानसभा सीटों पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई।
झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों की परिस्थितियां वहां के सामाजिक समीकरण, प्रमुख मुद्दे, गठबंधन दलों की स्थितियां, हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के दौरान विधानसभा वार सांगठनिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। राज्य की 33 विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति और दावे को मजबूत बताया गया।
इसे भी पढ़ें
राहुल गांधी से मिली मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, दी संगठन की जानकारी