Smriti Mandhana:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान और स्टार ओपनर स्मृति मंधाना की शादी आखिरी वक्त पर टल गई है। रविवार, 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल के साथ उनकी शादी होनी थी, लेकिन परिवार में आई अचानक आपात स्थिति के कारण समारोह स्थगित कर दिया गया। सुबह नाश्ते के दौरान उनके पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सांगली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
पिता के स्वस्थ होने तक शादी स्थगित:
स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहिन मिश्रा के अनुसार, स्मृति ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ नहीं होते, शादी नहीं की जाएगी। उन्होंने शादी को अनिश्चितकाल के लिए टालने का फैसला स्वयं लिया है। यह निर्णय लेते हुए मंधाना बेहद भावुक रहीं और परिवार को प्राथमिकता देने का स्पष्ट संदेश दिया।
इंस्टाग्राम से हटाए सभी शादी संबंधित पोस्ट:
इस निजी संकट के बीच स्मृति ने सोशल मीडिया पर भी एक चौंकाने वाला कदम उठाया। उन्होंने अपनी सगाई की घोषणा वाला वीडियो और शादी से जुड़े सभी पोस्ट इंस्टाग्राम से हटा दिए हैं।
फैंस इस बदलाव से हैरान हैं, क्योंकि कुछ समय पहले ही स्मृति ने एक मजेदार इंस्टाग्राम रील के ज़रिए अपनी सगाई का ऐलान किया था। यह रील “लगे रहो मुन्ना भाई” के गाने ‘समझो हो ही गया’ पर आधारित थी, जिसमें जेमिमा रोड्रिग्स, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और अरुंधति रेड्डी भी दिखाई दी थीं। अब यह वीडियो उनके अकाउंट पर उपलब्ध नहीं है हालांकि यह साफ नहीं कि पोस्ट डिलीट की गई है या हाइड की गई है।
पलाश मुच्छल का पोस्ट अभी भी मौजूद:
इधर, पलाश मुच्छल ने स्मृति को शादी के लिए प्रपोज करने का वीडियो 21 नवंबर को सोशल मीडिया पर साझा किया था। यह रोमांटिक प्रपोजल नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में हुआ था। उन्होंने अपना पोस्ट हटाया नहीं है और वह अभी भी उनके प्रोफाइल पर मौजूद है।







