8-10 जुलाई तक रहेंगे विदेश दौरे पर
नई दिल्ली, एजेंसियां। अपने तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी जल्द ही रूस का दौरा करने वाले हैं।
पीएम मोदी ऑस्ट्रिया की भी आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि पीएम नरेंद्र मोदी 8 और 10 जुलाई के बीच रूस और ऑस्ट्रिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।
पीएम मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर 22 वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने मास्को जाएंगे।
कई मुद्दों पर करेंगे पुतिन से बातचीत
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि पीएम मोदी अपने रूस दौरे में राष्ट्रपति पुतिन के साथ कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों की पीएम मोदी समीक्षा भी करेंगे। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार जाहिर करेंगे।
रूस में पुतिन से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी 9 और 10 जुलाई को ऑस्ट्रिया की यात्रा करेंगे।
बता दें, 40 सालों से ज्यादा समय के बाद भारत के किसी प्रधानमंत्री की यह यह पहली ऑस्ट्रिया यात्रा होगी।
रूस और ऑस्ट्रिया में भारतीय मूल के लोगों से करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने रूस और ऑस्ट्रिया दौरे के दौरान भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
पीएम मोदी के ऑस्ट्रिया दौरे के दौरान वो ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे।
इसके अलावा पीएम मोदी ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर से भी मिलेंगे। इस दौरान पीएम मोदी भारत ऑस्ट्रिया के व्यापारिक रिश्तों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी वहीं रह रहे भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी है युद्ध
पीएम मोदी रूस की यात्रा ऐसे समय में कर रहे हैं जब यूक्रेन के साथ रूस का युद्ध चल रहा है। बीते दो सालों से रूस और यूक्रेन में जंग छिड़ी है।
फरवरी 2022 में रूस यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से यह पीएम मोदी की पहली रूस यात्रा है।
इसे भी पढ़ें