PM Modi Chhath Puja Greetings:
नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को चार दिवसीय छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ शुरू होने वाला यह पर्व सूर्यदेव की उपासना, आस्था, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा
प्रधानमंत्री ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि छठ पर्व सादगी और संयम का उत्सव है। छठ के घाटों पर दिखाई देने वाले दृश्य पारिवारिक और सामाजिक एकता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्राचीन परंपरा का भारतीय समाज पर गहरा प्रभाव है और आज यह महापर्व न केवल देश में बल्कि दुनिया भर में भारतीय संस्कृति के प्रतीक के रूप में मनाया जा रहा है।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा, “छठी मइया सभी को अपना आशीर्वाद दें। यह महापर्व आस्था, उपासना और प्रकृति प्रेम का अद्भुत संगम है। इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाता है और प्रसाद में प्रकृति के विविध रंग झलकते हैं। छठ पूजा के गीत और सुर भक्ति और प्रकृति की सुंदरता का अद्भुत मेल प्रस्तुत करते हैं।”
प्रधानमंत्री ने सुप्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा को याद किया
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर बिहार की सुप्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा को भी याद किया। उन्होंने कहा, “मेरा सौभाग्य है कि कल ही मुझे बेगूसराय जाने का अवसर मिला। बिहार कोकिला शारदा सिन्हा जी का बेगूसराय से गहरा आत्मीय रिश्ता रहा है। शारदा सिन्हा जी और बिहार के अनेक लोक कलाकारों ने अपने गीतों के माध्यम से छठ के उत्सव को एक विशेष भाव और गहराई से जोड़ा है।” प्रधानमंत्री के इस संदेश में छठ पर्व के सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक महत्व का उल्लेख करते हुए देशभर के श्रद्धालुओं के प्रति शुभेच्छा व्यक्त की गई है।
इसे भी पढ़ें
PM Modi in Samstipur: बिहार में मोदी ने लालू पर कसा तंज, कहा 100 साल तक आने नहीं देंगे जंगल राज

