Karan Johar social media break:
मुंबई, एजेंसियां। फिल्ममेकर करण जौहर ने सोशल मीडिया से कुछ समय के लिए दूरी बनाने का ऐलान किया है। इंस्टाग्राम पर बेहद सक्रिय रहने वाले करण ने सोमवार शाम अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि वह करीब एक हफ्ते के लिए सोशल मीडिया से ब्रेक ले रहे हैं। इस दौरान न तो वह कोई पोस्ट करेंगे, न मैसेज पढ़ेंगे और न ही स्क्रॉलिंग करेंगे। उनका यह फैसला ऐसे वक्त में आया है, जब वह लगातार ट्रोलिंग और बॉलीवुड को लेकर चल रही ऑनलाइन बहसों के बीच चर्चा में थे।
करण जौहर ने डिजिटल मीडिया से लिया ब्रेक
करण जौहर ने अपने डिजिटल डिटॉक्स की जानकारी देते हुए लिखा, “एक हफ्ते के लिए डिजिटल डिटॉक्स! कोई डूम स्क्रॉलिंग नहीं! कोई DM नहीं! कोई पोस्ट नहीं! उम्मीद है यूनिवर्स मुझे दूर रहने की ताकत देगा।” इस संदेश से साफ है कि वह खुद को ऑनलाइन दुनिया के दबाव और नकारात्मकता से कुछ समय के लिए पूरी तरह अलग करना चाहते हैं।
हाल ही में करण जौहर सोशल मीडिया पर फैल रहे “खोखले शोर” को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि वर्चुअल दुनिया की नकारात्मकता असल जिंदगी और दर्शकों के प्यार से बड़ी नहीं होती। उनका मानना है कि सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना अक्सर जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जाती है।
क्या है ब्रेक लेने का कारण?
करण जौहर का यह रुख अभिनेता वरुण धवन के समर्थन से भी जुड़ा माना जा रहा है। वरुण धवन को हाल ही में फिल्म बॉर्डर 2 से जुड़े एक प्रमोशनल वीडियो को लेकर ट्रोल किया गया था। करण ने अप्रत्यक्ष रूप से इस तरह की आलोचनाओं पर सवाल उठाए थे और कलाकारों के पक्ष में आवाज उठाई थी।इसके साथ ही करण जौहर ने बॉलीवुड के भविष्य को लेकर भी सकारात्मक नजरिया रखा है। उन्होंने धुरंधर और बॉर्डर 2 जैसी फिल्मों की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री एक बार फिर मजबूत वापसी कर रही है। उनके मुताबिक, जब फिल्में दर्शकों के दिल से जुड़ती हैं, तो सोशल मीडिया का नकारात्मक शोर खुद-ब-खुद फीका पड़ जाता है।
