Jana Nayakan
चेन्नई, एजेंसियां। तमिल सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर कानूनी उलझनें एक बार फिर बढ़ गई हैं। मद्रास हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच के ताजा फैसले के बाद फिल्म की रिलीज डेट पर अनिश्चितता और गहरा गई है। कोर्ट ने उस सिंगल बेंच के आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया गया था। इस फैसले के बाद विजय के फैंस मायूस जरूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनका समर्थन खुलकर सामने आ रहा है।
डिवीजन बेंच ने क्या कहा?
डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया कि सिंगल जज ने फिल्म के कंटेंट से जुड़ी शिकायतों के गुण-दोष पर विचार कर गलती की थी। इसी आधार पर CBFC की अपील को स्वीकार करते हुए मामला दोबारा सिंगल जज के पास भेज दिया गया है। कोर्ट के इस आदेश से साफ है कि ‘जन नायकन’ की रिलीज में अभी और वक्त लग सकता है।
यह फिल्म थलापति विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो चुके हैं। पहले इसे 9 जनवरी 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट न मिलने के कारण इसे टाल दिया गया। प्रोड्यूसर KVN प्रोडक्शंस ने आरोप लगाया था कि CBFC द्वारा सुझाए गए कट्स मानने के बावजूद सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विजय के फैंस हुए भावुक
हाई कोर्ट के फैसले के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विजय के फैंस भावुक नजर आए। कई यूजर्स ने निराशा जताई, तो कई ने विजय के समर्थन में पोस्ट लिखकर अपना दिल खोल दिया। फैंस का कहना है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके चहेते स्टार की विदाई है, जिसे वे बड़े पर्दे पर देखना चाहते हैं।अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सिंगल जज दोबारा सुनवाई में क्या फैसला देते हैं और ‘जन नायकन’ की रिलीज का रास्ता कब साफ होता है।
