Goldie Brar case: गोल्डी बरार केस में नया मोड़, फिरौती मांगने के मामले में गोल्डी के माता-पिता गिरफ्तार

2 Min Read

Goldie Brar case

चंडीगढ़, एजेंसियां। गैंगस्टर गोल्डी बरार के माता-पिता को पंजाब पुलिस ने श्री मुक्तसर साहिब से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वर्ष 2024 में दर्ज एक आपराधिक मामले के तहत की गई है। पुलिस के मुताबिक, शमशेर सिंह और उनकी पत्नी प्रीतपाल कौर को थाना सदर श्री मुक्तसर साहिब में दर्ज एफआईआर नंबर 233 के आधार पर गिरफ्तार किया गया। यह मामला फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी से जुड़ा हुआ है।

क्या है मामला?

पुलिस ने बताया कि यह एफआईआर उड़ेकरण गांव निवासी सतनाम सिंह के बयान पर 3 दिसंबर 2024 को दर्ज की गई थी। सतनाम सिंह पंजाब शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में कहा था कि 27 नवंबर 2024 को ड्यूटी के दौरान उन्हें एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की और रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने गोल्डी बराड़ के माता-पिता की भूमिका की पड़ताल की और कोटपुरा रोड के पास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आदर्श नगर की गली नंबर 1 में रहते थे।

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब पंजाब पुलिस गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी महीने की शुरुआत में पुलिस ने बराड़ से जुड़े जबरन वसूली गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके 10 साथियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से दो ऑस्ट्रियन ग्लॉक पिस्तौल, 12 अत्याधुनिक हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।

लुधियाना पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने कहा कि यह अभियान संगठित अपराध और अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ सख्त संदेश है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गैंगस्टरों और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
Exit mobile version