Emergency landing:
नई दिल्ली, एजेंसियां। कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में मंगलवार सुबह बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। हैदराबाद एयरपोर्ट को एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि विमान पर एक मानव बम सवार है। ईमेल के बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और विमान को मुंबई एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।
विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग:
मुंबई पहुंचने के बाद विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद बम स्क्वाड और अन्य सुरक्षा टीमों ने विमान की गहन तलाशी ली। फिलहाल विमान से बम मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।
सुरक्षा एजेंसी अलर्ट:
बताया जा रहा है कि हाल में दिल्ली हुई घटना के बाद देशभर में सुरक्षा पहले से ही कड़ी कर दी गई थी। इसके बावजूद पिछले कुछ हफ्तों में कई उड़ानों और एयरपोर्ट्स को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। कुछ दिन पहले कनाडा के टोरंटो से दिल्ली आ रहे विमान में बम की अफवाह फैली थी, वहीं मुंबई से वाराणसी जा रही फ्लाइट को भी धमकी दी गई थी। इसके अलावा दिल्ली, गोवा और चेन्नई एयरपोर्ट को भी उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं और पूरे मामले की जांच गहनता से की जा रही है।
